अमृतसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। वार्ड नंबर 10 की भाजपा पार्षद श्रुति विज ने बिना ढके कूड़ा ले जा रही नगर निगम की ट्रॉली का विरोध किया। इस दौरान ट्रॉली ड्राइवर ने पार्षद से बदसलूकी की और धमकी दी। श्रुति विज जब ट्रॉली की वीडियो बना रही थीं, तब ड्राइवर ने उनसे बहस शुरू की। ड्राइवर ने कहा कि वीडियो बना लो, जो करना है कर लो। पार्षद ने बताया कि एक दिन पहले भी उन्होंने ऐसी ही एक ट्रॉली की वीडियो बनाई थी। उन्होंने कहा कि खुली ट्रॉली में कूड़ा ले जाने से रास्ते में यह कूड़ा गिरता रहता है। पार्षद ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वच्छ भारत का सपना है और स्मार्ट सिटी के तहत अमृतसर को पर्याप्त धन भी मिलता है। फिर भी कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की यह स्थिति है तो शहर को स्वच्छ कैसे रखा जा सकता है। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर और मेयर मोती भाटिया से मांग की है कि कूड़ा उठाने वाली सभी ट्रॉलियां ढकी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमृतसर गुरुओं की धरती है और यहां रोजाना लाखों पर्यटक आते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि ड्राइवरों को महिला पार्षद से उचित व्यवहार करने की हिदायत दी जाए।


