बिलासपुर में राज्य सरकार की नई पहल ‘सड़क दुर्घटना प्रकरणों का नगदी उपचार स्कीम 2025’ को लेकर पुलिस विभाग जागरूकता अभियान चला रहा है। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। योजना के तहत दुर्घटना के समय से लेकर सात दिन तक चिन्हित अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। यह सुविधा किसी भी सड़क पर मोटर वाहन दुर्घटना के पीड़ितों को मिलेगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के अनुसार दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी पुलिस विभाग यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई कर रहा है। योजना के तहत नामित अस्पतालों के अलावा अन्य अस्पतालों में केवल स्थिरीकरण के लिए इलाज किया जाएगा। राज्य सरकार ट्रामा और पाली ट्रामा केयर की सुविधा वाले सभी अस्पतालों को इस योजना में शामिल कर सकती है। पात्रता और कवरेज, एक नजर में 1- कोई भी व्यक्ति जो मोटर वाहन से हुई सड़क दुर्घटना का शिकार होता है, इस योजना के तहत कैशलेस इलाज का हकदार होगा। 2- पीड़ित को नामांकित अस्पतालों में अधिकतम 1.5 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। 3- यह सुविधा दुर्घटना की तिथि से 7 दिन तक लागू रहेगी। 4- अन्य अस्पतालों में इलाज सिर्फ स्थिरीकरण (Stabilization) के लिए किया जा सकेगा। 5- सरकार भविष्य में और अस्पतालों को “नामांकित अस्पताल” के रूप में शामिल कर सकती है ताकि पीड़ितों को बेहतर ट्रॉमा केयर मिल सके।


