बिलासपुर में पांच डिग्री कम हुआ अधिकतम तापमान:15 डिग्री पर लुढ़का पारा, लेकिन बदली के चलते कम महसूस हुई ठंड; बारिश के आसार

बिलासपुर में मौसम का उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है। दिसंबर में पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंड भी कम आई है। आसमान में बदली की वजह से मंगलवार को अधिकतम तापमान 5 डिग्री लुढक गया, जिसके बाद भी ठंड कम महसूस हुई। वहीं, रात का तापमान 16 डिग्री से उतर कर 15.4 डिग्री पर आ गया। इधर, मौसम विभाग ने नए विक्षोभ के असर से एक बार फिर बारिश होने की संभावना जताई है। जिले में पिछले तीन दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री से गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। वहीं, सोमवार को पारा 31.4 डिग्री के पार हो गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सोमवार के मुकाबले 5 डिग्री कम रहा। यह सामान्य के अंतर से -06 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य के अंतर से 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में कम हो गया ठंड
कुछ दिन पहले जिले में शीतलहर के हालात बन गए थे। कंपकंपी वाली ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया था। यह महज तीन से चार दिन ही रहा, जिसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के चलते आसमान में बदली और बारिश की वजह से ठंड गायब सी हो गई। मौसम खुलने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन, अब ठंड कम महसूस होने लगी है। मंगलवार को मौसम शुष्क बना रहा। दोपहर में आसमान में छाए बादलों की वजह से अधिकतम तापमान कम रहा। लेकिन, ठंड का अहसास नहीं हुआ। हालांकि, शाम ढलते ही ठंड का असर जरूर देखने को मिला। शुष्क रहेगा मौसम, रात में ठंड
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है। इसके कारण रात में सर्दी बढ़ सकती है। मौसम वेधशाला के वैज्ञानिक डा.एचपी चंद्रा ने बताया कि चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी-उत्तर तटीय तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश के निकट पहुंचने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ 70 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। 27-28 दिसंबर को बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन जारी रहने के कारण हल्के और निम्न स्तर के बादल रह सकते हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भारतीय क्षेत्र को को प्रभावित करने के कारण 27 एवं 28 दिसंबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की वर्षा होगी। 30 दिसंबर से फिर ठंड बढ़ने का अनुमान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *