भास्कर न्यूज | सरायकेला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उपायुक्त ने शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति, विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा प्राप्त राशि के पारदर्शी एवं यथोचित उपयोग तथा विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। बैठक मे उपायुक्त ने विद्यालयों में पेयजल, शौचालय व मरम्मत जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, मिड-डे मील की गुणवत्ता, पुस्तक व गणवेश वितरण की प्रगति, छात्रवृत्ति भुगतान, ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर पुनः विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय व सीएम एक्सीलेंट स्कूलों में नामांकन, मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों के विस्तृत विश्लेषण के संबंध में बिंदुवार समीक्षा की। उपायुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से विद्यालयों का भ्रमण कर शैक्षणिक गतिविधियों व उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण करें और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई के लिए जिला मुख्यालय को सूचित करें। उन्होंने बीआरपी व सीआरपी से भी संवाद करते हुए विभागीय दिशा निर्देशों के आलोक में विद्यालयों के सतत निरीक्षण, निगरानी व कमियों को चिन्हित कर समयबद्ध सुधार की दिशा में कार्य करने का निर्देश िदया। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


