भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत गुमुरिया पंचायत के लाखीपाई गांव के कार्डधारियों ने वहां के राशन डीलर सुजीत लागुरी पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए दुकान हस्तांतरण करने की मांग प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी से की है। इस संबंध में 155 कार्डधारियों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। आवेदन में कहा गया है कि डीलर समय पर राशन नहीं देता है। कहता है कि आवंटन कम मिला था, इसलिए समाप्त हो गया है। अगले महीने आना। अगले महीने जाने पर कार्डधारियों से अंगूठा लगवा कर पंचिंग करवा लेता है, फिर रसीद भी रख लेता है और कहता है कि राशन समाप्त हो गया है। विगत 6 महीने से इसी तरह टरकाया जा रहा है। कहता है कि अंगूठा नहीं लगाओगे तो राशन कार्ड रद्द हो जाएगा। डीलर द्वारा कार्डधारियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया जाता है। कार्डधारियों ने सूरज महिला समिति परसा में दुकान का स्थानांतरण की मांग है।


