हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद अब भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे है, हालांकि इस दौरान काफी लोग लापरवाही भी बरत रहे हैं जिससे हादसे की घटनाएं सामने आ रही हैं। एक ऐसा ही मामला मंडी के पास भी देखने को मिला जहां चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर 6 मील के पास एक पर्यटक युवक का पैर फिसल गया। जिसके बाद वह पहाड़ी से गिरता हुआ सीधा ब्यास नदी के किनारे जा पहुंचा। पहाड़ी से गिरने के कारण युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई और वह जोनल अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है। शराब के नशे में था युवक
बताया जा रहा है कि घायल पर्यटक युवक नशे में था और टॉयलेट करने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा था, इस दौरान हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र कुमार, तेजवीर, अजय, मनजीत व नितेश कुमार पांच दोस्त कार में सवार होकर हरियाणा से मनाली की ओर घुमने जा रहे थे। पंडोह से पीछे 6 मील के पास इन्होंने अपनी कार रोकी और मनजीत कुमार टॉयलेट करने के लिए गाड़ी से नीचे उतर गया। सिर पर लगी गंभीर चोट
इस दौरान मनजीत का पहाड़ी से पैर फिसल गया और करीब 400 मीटर नीचे ब्यास की ओर जा पहुंचा। घटना की सुचना मिलते ही पंडोह चौकी व 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायल युवक का रेस्क्यू शुरू किया गया। गहराई ज्यादा होने के कारण SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद घायल का रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायल युवक को जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पंडोह चौकी की टीम ने घटना संबंधी मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। घायल का मेडिकल करवाया जा रहा है, युवक ने किसी नशे का सेवन किया था मेडिकल रिपोर्ट से ही साफ हो पाएगा।


