शहर में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को इन दिनों लपके परेशान कर रहे हैं। बाजार में घूमने के लिए आने वाले लोगों को जबरन अपनी दुकान से सामान खरीदने के लिए मजबूर करते ऐसे लपकों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। जोधपुर की पर्यटक थाना पुलिस ने देशी विदेशी पर्यटकों को खरीदारी करने के लिए तंग और परेशान करने के आरोपों को लेकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को अपनी दुकान से सामान लेने के लिए मजबूर कर रहा था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में मुस्ताक अली पुत्र जबार अली मुसलमान निवासी हुसैन कॉलोनी कागा पुलिस थाना नागोरी गेट को गिरफ्तार किया। आरोपी अपनी नई सड़क स्थित एक दुकान से पर्यटकों को जबरन सामान लेने के लिए लपकागिरी करता पकड़ा गया। इस पर पर्यटक थाने के ASI पृथ्वीसिंह के नेतृत्व में टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


