जगराओं में श्मशान घाट पर नशा करते पकड़े 3 युवक:पुलिस को देख लिफाफा फेंका, हेरोइन और सिल्वर पेपर बरामद

लुधियाना के जगराओं में नशा तस्करी का धंधा करने वाले तस्करों ने अब श्मशान घाटों को अपना अड्डा बना रखा है। पुलिस ने श्मशान घाट से हेरोइन के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी पुलिस को गश्त के दौरान चुंगी नंबर 5 से अलीगढ़ की तरफ कोठे खजूरा रोड पर श्मशान घाट के पास तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस की मौजूदगी भांप कर आरोपियों ने हेरोइन का लिफाफा फेंक दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को हेरोइन पीने की पाइप और सिल्वर पेपर मिला। गहन जांच में 4 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नानक नगर थेह जगराओं के कुलविंदर सिंह उर्फ काली, हरमनदीप सिंह उर्फ नन्नू और इंदरजीत सिंह उर्फ इंदर सिंह के रूप में हुई है। थाना सिटी के एएसआई रणधीर सिंह के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों के मोबाइल की जांच कर रही है। पूछताछ से बड़े तस्करों के नाम सामने आने की संभावना है। जांच में पता चला है कि नशा तस्कर श्मशान घाट को सप्लाई पॉइंट के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। नशे के आदी युवक भी यहां आकर नशा करते थे। बता दे कि पुलिस ने इस से पहले भी कई नशा तस्करों को श्मशान घाट से नशा तस्करी करते पकड़ा है। कभी तस्कर साइंस कॉलेज के नजदीक बने श्मशान घाट में हेरोइन की सप्लाई करते है,तो कभी कोठे खंजूरा, तो कभी डल्लारोड पर बने श्मशान घाट के नजदीक तस्करी करते है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *