बारिश में धुला छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का फाइनल:रायपुर-राजनांदगांव दोनों टीमें विजेता घोषित; सीएम-BCCI उपाध्यक्ष ने दी विनर ट्रॉफी

छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का फाइनल रविवार की शाम खेला जाना था। लेकिन देर शाम शुरू हुई बारिश की वजह से मैच नहीं खेला जा सका। इस वजह से आमने-सामने मौजूद दोनों टीमों को विजेता बना दिया गया। रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विनर ट्रॉफी टीमों को दी। आमतौर पर छत्तीसगढ़ में कम नजर आने वाले राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला खास तौर पर इसी कार्यक्रम के लिए रायपुर पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग सीजन 2 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य की बात है कि सीसीपीएल जैसे क्रिकेट टूर्नामेंट का यहां शानदार आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ में हम सभी खेलों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग के माध्यम से राज्य के प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ियों को खेलने का बेहतरीन मौका मिला है। इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ बधाई का पात्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बारिश की वजह फाइनल मैच नहीं खेला जा सका। रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया है। मैं दोनों टीमों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। यह बहुत खुशी की बात है कि मौसम खराब होने के बाद भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम में मौजूद हैं। मैं आशा करता हूं कि छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ इसी तरह आगे भी छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का आयोजन करता रहेगा। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग सीजन 2 का आयोजन 6 जून से 15 जून तक किया गया। इसमें रायपुर राइनोस, राजनांदगांव पैंथर्स, रायगढ़ लायन्स, बस्तर बाइसन्स, बिलासपुर बुल्स और सरगुजा टाइगर्स टीमों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री के हाथों रायपुर राइनोस और राजनांदगांव पैंथर्स टीम के कप्तान अमनदीप खरे और अजय मंडल ने विनर्स कप ग्रहण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *