हरियाणा सहित 12 राज्यों की दो दिवसीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की वर्कशॉप चंडीगढ़ में आयोजित की जाएगी। इस वर्कशॉप का शुभारंभ आज हरियाणा के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अनिल विज करेंगे। इस वर्कशॉप में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय सहित हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली तथा चंडीगढ़ के मेंबर हिस्सा लेंगें। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा आयोजित की जा रही कार्यशाला में नागरिकों को मुहैया कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य के प्रतिनिधियों के बीच विचार-मंथन किया जाएगा। इसलिए हो रही है ये वर्कशॉप दरअसल, केंद्र सरकार ट्रांसपोर्ट विभाग की वाहन और सारथी एप के जरिए ऑनलाइन सेवाएं देती है। इन एप से सभी राज्य भी जुड़े हुए हैं। अब सरकार इन एप के जरिए लोगों को अच्छी अपग्रेड ऑनलाइन सेवाएं दे सके इस पर काम कर रही है। इसी को लेकर ये बारह राज्यों की चंडीगढ़ में दो दिवसीय वर्कशॉप रखी गई है। वाहन और सारथी भारत सरकार द्वारा संचालित दो अलग-अलग ऑनलाइन पोर्टल हैं, जो परिवहन संबंधी सेवाओं को सुव्यवस्थित और डिजिटल बनाने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। अब यहां पढ़िए वाहन और सारथी एप के बारे में… वाहन एप क्या है? – यह एक ऐसा पोर्टल है जो मुख्य रूप से वाहन पंजीकरण, परमिट, कराधान, और फिटनेस से संबंधित सेवाओं पर केंद्रित है। – यह पोर्टल वाहन मालिकों को अपने वाहनों के विवरण देखने, पंजीकरण प्रक्रिया को ऑनलाइन पूरा करने, और विभिन्न प्रकार के परमिट प्राप्त करने की अनुमति देता है। – इसके अतिरिक्त, वाहन पोर्टल का उपयोग करके, उपयोगकर्ता अपने वाहन के दस्तावेजों को ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं, स्वामित्व स्थानांतरित कर सकते हैं, और अन्य संबंधित सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। सारथी एप क्या है? – सारथी पोर्टल ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाओं पर केंद्रित है। – यह पोर्टल ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने, परीक्षा की तिथि निर्धारित करने, ड्राइविंग लाइसेंस की स्थिति की जांच करने, और लाइसेंस नवीनीकरण जैसी सेवाओं को ऑनलाइन प्रदान करता है। – सारथी पोर्टल के माध्यम से, उपयोगकर्ता अपने ड्राइविंग लाइसेंस के विवरण भी देख सकते हैं और आवश्यक दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।


