13 साल की नाबालिग रेप पीड़िता ने मंगलवार रात डूंगरपुर जिला अस्पताल में आठ महीने की प्री मैच्योर मृत बच्ची को जन्म दिया। इसके कुछ देर बाद ही नाबालिग पीड़िता की भी मौत हो गई। परिजनों ने लोक लाज के भय से पहले कोई मामला दर्ज नहीं कराया था, लेकिन रेप पीड़िता और नवजात की मौत के बाद सदर थाने में केस दर्ज करवाया है। सदर थानाधिकारी हरेंद्र सौदा ने बताया कि थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 13 साल की रेप पीड़िता गर्भवती थी। मंगलवार रात के समय रेप पीड़िता नाबालिग के पेट में अचानक दर्द होने पर परिवार के लोग उसे तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे एमसीएच में भर्ती कर दिया। रात के समय नाबालिग पीड़िता ने 8 महीने की प्री मैच्योर बच्ची को जन्म दिया, लेकिन नवजात मृत पैदा हुई। वहीं, प्रसव के बाद नाबालिग रेप पीड़िता की भी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों के शव को डूंगरपुर अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखवाया गया। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर लिया। वही दोनों के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध निवारण की ओर से की जा रही है। पहले दर्ज नहीं कराया था मामला
सदर थानाधिकारी हरेंद्र सौदा ने बताया कि नाबालिग से रेप को लेकर पहले कोई केस परिजनों की ओर से दर्ज नहीं करवाया गया था। परिजनों ने लोक लाज के भय से कोई रिपोर्ट नहीं दी थी। अब रेप पीड़िता और नवजात की मौत के बाद केस दर्ज करवाया है।


