झारखंड में मानसून ने दी दस्तक:17 से 20 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-पानी और वज्रपात की चेतावनी

झारखंड में तपती गर्मी और उमस से परेशान लोगों को मानसून बड़ी राहत देने जा रहा है। मौसम विभाग ने 17 जून से 20 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 18 और 19 जून को ऑरेंज अलर्ट, जबकि 17 और 20 जून को यलो अलर्ट जारी किया है। 21 जून को भी गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। इधर सोमवार को संथाल परगना के जामताड़ा सहित गुमला, सिमडेगा जैसे जिलों में बारिश हुई। बारिश की फुहार ने यहां लोगों को गर्मी से राहत दी। रांची में भी देर शाम बादल छाए और हल्की बारिश हुई। दक्षिण और मध्य झारखंड में आज भारी बारिश मौसम विभाग के मुताबिक, 17 जून यानी आज प्रदेश के लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। हवाओं की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। इन इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कल चार जिलों में होगी बारिश 18 जून को कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरी झारखंड के अन्य हिस्सों में भी तेज हवाएं और मेघ गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान लोगों को घरों में रहने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है। इसी तरह 19 जून को पांच जिलों में बहुत भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जतायी गई है। इस दिन कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो और रामगढ़ जिलों में कहीं-कहीं पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य क्षेत्रों में भी गरज के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। आकाशीय बिजली से जुड़ी घटनाओं से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। 20 जून को इन जिलों में बरसेंगे बदरा 20 जून को पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। गरज के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी, जिनकी रफ्तार 30-40 किमी/घंटा हो सकती है। वज्रपात की भी आशंका है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। झारखंड में मानसून की यह जोरदार दस्तक लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाएगी। खेतों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *