नागौर में आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। मुख्य अतिथि सार्वजनिक निर्माण व महिला बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू, खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित आदि ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने कहा कि भारत के महापुरुषों के बलिदान से ही हम आज इस अच्छी स्थिति में है। वैश्विक पटल पर भारत ने अपनी जो पहचान बनाई है वो इन महापुरुषों की ही देन है। खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी किसानों के मसीहा थे, उनका कहना था कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। गांवों में सड़कों का वर्तमान सुदृढ़ ढांचा पूर्व पीएम वाजपेयी की ही देन है। जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारियों को प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिए, शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जन-कल्याण केंद्रित व जवाबदेह बनाने के तथा प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को पाने के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ दिलाई। सुशासन दिवस पर आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभापति मीतू बोथरा, उपजिला प्रमुख शोभाराम, एडीएम चंपालाल जीनगर, एसडीओ गोविंद सिंह भींचर, भारत विकास परिषद के हरिराम धारणियां, जिला परिषद सदस्य ओमप्रकाश सैन, खींवसर प्र्रधान प्रतिनिधि जगदीश बिड़ियासर, महावीर सिंह सांदू, घनश्याम सदावत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।


