पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को राज्य सुशासन दिवस मनाया गया। सुशासन रैली, प्रदर्शनी, कविता पाठ के आयोजन हुए। नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत नशामुक्ति का संकल्प लिया गया। शिक्षा विभाग की ओर से निकली रैली में हिंदुस्तान स्काउट गाइड, भारत स्काउट गाइड और विद्यार्थियों की भागीदारी रही। रैली शहर के मुख्य मार्गां से होते हुए सूचना केंद्र पहुंची। यहां आयोजित कार्यक्रम में वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम रणजीत कुमार ने वाजपेयी के जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में राज्य सरकार की ओर से सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान पंचायत मुख्यालयों पर शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें राहत दी जा रही है। 26 दिसंबर को इसी कड़ी में समस्त ब्लॉकों में विशेष अटल जन सेवा शिविर आयोजित होंगे। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गिरजेशकांत शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि सुशासन दिवस के उपलक्ष में रैली और प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया गया है। साहित्यकार मनीराम सेतिया ने कविता पाठ के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अपने आदर्शों से राजनीति में जो स्थान वाजपेयी ने बनाया, वह सदैव अनुकरणीय रहेगा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक अनिल कुमार शाक्य ने वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन दिवस के तहत रैली, प्रदर्शनी, विचार गोष्ठी, कविता पाठ, शपथ, संकल्प और स्वच्छता सप्ताह सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


