सांप काटने से 15 साल की लड़की की मौत:मां के साथ बिस्तर में सोई थी, कोबरा ने डसा; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

बिलासपुर में जहरीले सांप के काटने से 15 साल की लड़की की मौत हो गई। वो रात में अपनी मां के साथ बिस्तर में सो रही थी। तभी सांप आ गया और बच्ची के पैर को डंस लिया। जिसके बाद उसकी नींद खुल गई। लड़की को काटने के बाद सांप टेबल के नीचे बैठ गया। इस दौरान परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। ग्राम पंचायत ठाकुरदेवा निवासी जगराम पटेल ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बहन नंदिनी पटेल स्कूल में पढ़ती थी। वो बीते रात खाना खाने के बाद रात में बिस्तर में सो रही थी। देर रात करीब 1.30 बजे बिस्तर में सांप आ गया। इस दौरान सांप ने उसके पैर के नीचे काट लिया, जिससे अचानक उसकी नींद खुली और चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर मां भी उठ गई। जिसके बाद जगराम को उठाई। इस दौरान सांप टेबल के नीचे बैठा था। गाड़ी की व्यवस्था करने में हुई देर नंदिनी को सांप काटने की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करने में जुट गए। इस बीच जहर फैलने से वह रास्ते में ही बेहोश हो गई थी। किसी तरह परिजन उसे बिलासपुर में सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम लेकिन, जब तक परिजन उसे सिम्स लेकर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि बच्ची की मौत रास्ते में ही हो गई थी। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम के बाद उसे परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। बारिश में सांप से बचने बरतें सावधानी आमतौर पर सांप बारिश के मौसम उन जगहों पर ज्यादा दिखते हैं, जहां जलजमाव है या फिर जहां घास, पेड़-पौधे या झाडिय़ां ज्यादा है। जैसे कंस्ट्रक्शन साइट, ट्रैकिंग वाली जगह, नदी-तालाब के पास, जंगल या बांस के खेत के आसपास। ऐसी स्थिति में जो लोग जमीन पर या बिस्तर में सोते हैं, वो साधारण मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। खेत और घर से बाहर निकलने पर लॉन्ग बूट पहने। ऐसी जगह पर जहां सांपों का रिस्क रहता है, वहां पर डंडे से आवाज करते चलें। पत्थरों के नीचे, गड्डे के अंदर जिन जगहों पर सांपों के छुपे होने की आशंका रहती है, उन जगहों से छेड़छाड़ न करें। इसके साथ ही कमरे में मिट्टी का तेल या फिनाइल छिड़क दें, उसकी गंध से सांप खुद-ब-खुद बाहर निकल जाएगा। इन बातों पर भी ध्यान दें इसके अलावा ऐसे कुछ उपाय हैं, जिन्हें अपनाने से घर में सांप घुसने की संभावना कम हो जाती है। जैसे अपने घर के आसपास की घास समय-समय पर कटवाते रहें। घर या फिर दुकान में किसी तरह का कबाड़ इकट्ठा न होने दें। घर या दुकान या गैरेज में छोटे-छोटे गड्ढे और दरार हैं, तो उसे बंद करें। खेत या फिर किसी टूरिस्ट प्लेस में घूमने जा रहे हैं, तो सावधान रहें। घर की नालियों के मुहाने पर जाली जरूर लगाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *