सांसद व विधायक ने नंद घर का किया लोकार्पण:महिमा कुमारी बोलीं- नन्दघर से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास होगा

राजसमंद में आज सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने नंदघर सहित विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने रेलमगरा क्षेत्र के मदारा में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की ओर से नव निर्मित नंदघर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अरुण मिश्रा और यूनिट हेड बलवंत सिंह राठौर मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद सांसद और विधायक ने नन्दघर में नन्हें बच्चों से संवाद किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के सामने खुला बरामदा निर्माण कार्य, रामदेव जी मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण, चावंडा माता मंदिर के पास महिला स्नानघर, बागवाले बालाजी के पास चारदीवारी निर्माण कार्य, राड़ाजी बालाजी के पास चारदीवारी निर्माण कार्य, गौशाला के पास मवेशी नांद निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत सहित हर क्षेत्र में विकास होगा
विकास कार्यों के लोकार्पण के बाद आमजन को संबोधित करते हुए सांसद और विधायक ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की। उन्होंने कहा, क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत सहित हर क्षेत्र में विकास कार्य होंगे। आमजन की अपेक्षा अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि वे अध्यापन के क्षेत्र में रही हैं और बच्चों से मिलकर सदैव अच्छी अनुभूति होती है। नन्दघर में बच्चों से संवाद कर उन्हें सुखद अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा की नन्दघर बनाने का उद्देश्य बहुत अच्छा है। भारत तब ही आगे बढ़ेगा जब बच्चों का विकास सही से होगा, इसके लिए नन्दघर का निर्माण अच्छा कार्य है। यह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में योगदान देगा। देश में महिलाओं और बच्चों के पोषण पर ध्यान देना जरूरी है। नंदघर निर्माण का कार्य सराहनीय
नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि हिंदुस्तान जिंक द्वारा नंदघर निर्माण का कार्य सराहनीय कदम है। सरकार, संस्थाएं और आमजन मिलकर कार्य करें तो रोजगार, महिला, पर्यावरण हर क्षेत्र में प्रगति आ सकती है। वे अपेक्षा करते हैं की विकास कार्य आमजन और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बनेंगे। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद सांसद एवं विधायक ने सांसेरा जलदेवी माताजी मन्दिर में दर्शन कर संरक्षण, जीर्णोद्धार, विकास संबंधी कार्यों का औचक निरीक्षण किया और कार्य की गति बढ़ाते हुए खामियां दूर करने के लिए निर्देश दिए । इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *