कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी में एक मां को 14 महीने बाद अपनी बेटी से मिलने की खुशी मिली है। बस्तर बुड्रा धौड़ाभाटा की रहने वाली बयसाकिन बाई नेताम की बेटी संगीता 9 जून 2024 को मेले जाने के बहाने घर से निकली थी। वह वापस नहीं लौटी। विश्रामपुरी पुलिस ने गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की। थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल कोंडागांव की मदद से संगीता का पता लगाया। जांच में पता चला कि संगीता अपनी मां से एक मोबाइल नंबर से गुपचुप बात कर रही थी। पंजाब में रह रही थी बेटी पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए संगीता से संपर्क किया। संगीता ने बताया कि उसने ग्वालियर के रहने वाले संदीप कुमार दौरे से शादी कर ली है। वह अब पंजाब में रह रही है। संगीता ने अपनी मां को आश्वस्त किया कि वह खुश है और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल परिवार को राहत मिली, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग और प्रधान आरक्षक सियाराम मरापी की टीम की मेहनत रंग लाई।


