लुधियाना के जगराओं में पुलिस ने मोबाइल रिपेयर की आड़ में नशा तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से 270 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.35 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ राना के रूप में हुई है। वह जीरा के वार्ड नंबर 11 बस्ती शमसदीन का रहने वाला है और फिलहाल निरंकारी भवन सनेर रोड जीरा में रहता है। सीआईए स्टाफ के एसआई गुरसेवक सिंह के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी जीरा से जगराओं की तरफ हेरोइन की सप्लाई करने जा रहा है। नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ा पुलिस ने मोगा रोड पर गुरूसर काऊंके के पास नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोबाइल रिपेयर का काम करता था। काम कम होने के कारण वह हेरोइन की तस्करी में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मोबाइल जब्त कर नेटवर्क की जांच पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है और उसके नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाता था। इस के अलावा आरोपी के मोबाइल के जरिए नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है। थाना सदर में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


