मानसून की पहली बारिश में ही क्षेत्र हुआ पानी-पानी, लोगों को उमस से मिली राहत

भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ समूचे झारखंड सहित जैंतगढ़ के आसपास मानसून का जोरदार आगमन हो चुका है। इसके प्रभाव से समूचे क्षेत्र में मंगलवार दोपहर से ही लगातार वर्षा हो रही है, जो बुधवार तक जारी है। लगातार हो रही वर्षा से समूचा क्षेत्र पानी-पानी पानी हो गया है। खेत खलिहान, नदी-नाला, तालाब सभी लबालब हो गया है। मौसम भी सुहावना हो गया है। तापमान भी 7 डिग्री तक गिर गया है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री से गिर कर 28 डिग्री पर आ गया है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं अच्छी बारिश होने से किसान भी खुश हैं। किसान कृषि कार्य में जुटने की तैयारी कर रहे हैं। लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाजारों में सन्नाटा पसरा है। सड़कें भी सुनसान हैं। केवल कुछ भारी वाहनों का आवागमन हो रहा है। लगातार वर्षा के कारण लोग जरूरी कार्य से ही बाहर निकल रहे हैं। बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान है। इस वर्ष समय पर मानसून का आगमन अच्छी बारिश का संकेत है। पिछले वर्ष मानसून की बेरुखी से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। किसानों के लिए समय पर मानसून का आगमन अच्छी फसल का शुभ संकेत माना जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो इस वर्ष वर्षा सामान्य होने का अनुमान है। इससे फसल भी अच्छी होने का अनुमान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *