भास्कर न्यूज | जालंधर सुच्ची पिंड मोड़ के पास मंदीप के सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर उसके दो भाई पवन और मुकेश को जख्मी करने के मामले में थाना रामामंडी की पुलिस ने 4 आरोपी पकड़े हैं। पुलिस ने सुच्ची पिंड के रहने वाले यादविंदर सिंह प्रिंस, उसके भाई अनमोलदीप सिंह, कोटला रोड के आकाशदीप उर्फ आकाश और गांव शेखे के साहिल उर्फ जहरी को कोर्ट में पेश करके 3 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस केस में फरार कृष्णा और अंकित की तलाश कर रही है। उधर, एसएचओ मनजिंदर सिंह ने कहा कि सभी से गहराई से पूछताछ की जा रही है। बता दें कि सोमवार देर रात सुच्ची पिंड मोड़ पर मंदीप की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। सुच्ची पिंड के रहने वाले जयराम के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़ा बेटा मंदीप कुमार गांव शेखे स्थित एक रबड़ फैक्ट्री में काम करता था। पवन अपने पिता संग मिलकर सुच्ची पिंड मोड़ पर दूध की डायरी व करियाना शॉप चलाता है। पिता ने कहा था कि बेटा मंदीप खाने के बाद सैर करते हुए भाई पवन की शॉप पर गया था। यहां पर मुकेश भी था। इस दौरान उनके तीनों बेटों पर हमला कर दिया गया, जिससे मंदीप की मौत हो गई तो दोनों अन्य बेटे जख्मी हो गए थे। मुकेश ने आरोप लगाया था कि तीनों भाइयों पर प्रिंस और उसके दोस्तों ने हमला किया है। पुलिस की जांच में यह बात आई थी कि कृष्णा का राहुल ढाबे वाले से विवाद था तो वह उसे सबक सिखाने आया था। शोर सुनकर जब पवन अपनी शॉप से आया तो उससे विवाद करना शुरू कर दिया। इस दौरान उक्त लोगों ने हमला कर दिया था। मृतक मंदीप की फाइल फोटो


