सीबीएसई : सप्लीमेंट्री एग्जाम के लिए आवेदन का आज आखिरी दिन

जालंधर| सीबीएसई द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आज आखिरी तारीख है। लेट फीस के साथ 19 जून तक आवेदन हो पाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया 4 जून से शुरू हुई थी जोकि 17 जून तक सामान्य शुल्क के साथ लागू थी। इसके बाद दो दिन लेट फीस के साथ आवेदन का मौका दिया। सीबीएसई की ओर से 10वीं-12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षाएं 15 जुलाई से करवाई जा रही हैं। 10वीं की 15 जुलाई से शुरू होंगी। 12वीं की परीक्षा केवल एक दिन की होगी। इसके लिए केवल वे प्राइवेट छात्र आवेदन कर सकते हैं जिनका परिणाम 2025 की मुख्य परीक्षा में कंपार्टमेंट आया है या जिन्होंने 2024 में कंपार्टमेंट दिया था और 2025 में भी पास नहीं हो सके। यह उनका तीसरा और अंतिम मौका होगा। 12वीं के छात्र केवल एक विषय में ही आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 10वीं के छात्र एक या दो विषयों में आवेदन कर सकते हैं। वहीं जो छात्र प्रदर्शन सुधारना चाहते हैं, वे 12वीं में एक और 10वीं में 2 विषयों में आवेदन कर सकते हैं। यह केवल उन्हीं विषयों में संभव होगा जिनकी सूची बोर्ड की ओर से जारी की गई है। कक्षा 10वीं के छात्र गणित स्टैंडर्ड (कोड 041) से गणित बेसिक (कोड 241) या इसके विपरीत बदलाव के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। नियमित छात्र स्कूल के माध्यम से आवेदन करें। उनके लिए अलग सर्कुलर जारी है। फॉर्म भरते समय पिछली परीक्षा का रोल नंबर, स्कूल नंबर और सेंटर नंबर भी भरें। फोटो और हस्ताक्षर भी अपलोड करने होंगे। फीस केवल डिजिटल माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी। फीस नहीं जमा हुई तो आवेदन रद्द माना जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *