भास्कर न्यूज|बालोद जिला मुख्यालय के भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या कॉलेज में मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद फर्स्ट सेमेस्टर के निर्धारित सीटों में एडमिशन का दौर चल रहा है। प्रबंधन के अनुसार 16 जून को मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद 17 जून को बीए संकाय में प्रवेश लेने एक छात्रा ने जरूरी दस्तावेज जमा किए हैं। बुधवार को भी कई छात्राएं पहुंची थीं। हालांकि प्रवेश लेने कितने छात्राओं ने दस्तावेज जमा किए हैं। यह गुरुवार को स्पष्ट हो पाएगा। बीएससी गणित में फर्स्ट सेमेस्टर की कुल 90 सीटें हैं। जिसमें प्रवेश के लिए सिर्फ 17 स्टूडेंट्स ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इस लिहाज से निर्धारित सीट से 73 आवेदन कम मिले हैं। इसी तरह बीकॉम संकाय में फर्स्ट सेमेस्टर की 90 सीटें हैं। जिसमें प्रवेश के लिए 46 स्टूडेंट्स ने आवेदन किया है। इस लिहाज से निर्धारित सीट से 44 आवेदन कम मिले हैं। हालांकि बाकी संकाय में स्थिति बेहतर है। निर्धारित सीट से ज्यादा आवेदन मिले हैं। इन विषयों में निर्धारित सीट से ज्यादा आवेदन मिले लीड कॉलेज प्रबंधन के अनुसार बीए में फर्स्ट सेमेस्टर की कुल 90 सीटें हैं। जिसमें प्रवेश के लिए 107 स्टूडेंट्स ने आवेदन किया है जो निर्धारित सीट से 17 ज्यादा है। हालांकि 10 कॉलेज में प्रवेश का विकल्प दिया गया है, ऐसे में आवेदन करने वाले सभी छात्राएं प्रवेश लेंगी या नहीं? इस पर संशय की स्थिति है। 20 जून के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बीएससी बॉयो में फर्स्ट सेमेस्टर की 90 सीटें हैं। जिसके लिए 112 स्टूडेंट्स ने आवेदन किया है। बीए- बीएससी बॉयो में प्रवेश लेने वाले छात्राओं की संख्या ज्यादा रहने का अनुमान है। प्रवेश के लिए 4 केटेगरी के अनुसार मेरिट लिस्ट जारी दुर्ग विवि की ओर से पहले चरण में प्रवेश के लिए 16 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने समय तय हुआ था। निर्धारित समय में मिले आवेदनों के आधार पर प्रबंधन की ओर से केटेगरी (सामान्य, ओबीसी, एसटी, एससी) अनुसार मेरिट लिस्ट जारी की गई है। बीए संकाय में पहले चरण में प्रवेश के लिए मेरिट लिस्ट में 74 स्टूडेंट्स के नाम हैं। जिसमें जनरल सामान्य वर्ग के 33, ओबीसी वर्ग के 12, एससी वर्ग के 2 और एसटी वर्ग के 27 शामिल हैं। बहरहाल, प्रवेश की प्रक्रिया जारी है।


