गढ़वा|गढ़वा थाना क्षेत्र के नवादा पंचायत अंतर्गत सुखबाना गांव में मंगलवार को एक नीलगाय की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृत नीलगाय गर्भवती बताई जा रही है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और पर्यावरण प्रेमियों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने जब गांव के पास एक खेत के पास नीलगाय को मृत अवस्था में िमली तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मी मौके पर पहुंचे व मामले की छानबीन शुरू कर दी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि नीलगाय की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या शिकारी गतिविधि के कारण हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मृत नीलगाय की गर्भवती होने की जानकारी से वन विभाग भी गंभीरता से जांच में जुट गया है। शव का प्राथमिक परीक्षण कर आगे की प्रक्रिया के लिए उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की बात कही जा रही है। इस संबंध में गढ़वा वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) अंशुमान ने कहा, “हमें मामले की जानकारी मिली है। हमारी टीम मौके पर है और जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमसंगत कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर ग्रामीणों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।


