लखनऊ में बैंक लॉकर काटने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार:गाजीपुर में साथी का एनकाउंटर देख भाग निकला था, 25 हजार का इनाम था

लखनऊ में 22 दिसंबर की रात इंडियन ओवरसीज बैंक के 42 लॉकर काटने वाले मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मास्टरमाइंड विपिन वर्मा को पुलिस ने गाजीपुर के जमानियां से पकड़ा है। गाजीपुर में मुठभेड़ में मारे गए सन्नी दयाल के साथ विपिन भी था। लेकिन मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। पुलिस लगातार विपिन की तलाश कर रही थी। बुधवार को गाजीपुर में सर्चिंग के दौरान पुलिस ने विपिन को मदनपुरा मोड़ के पास पकड़ लिया। विपिन के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 6,830 रुपए नकद बरामद हुए हैं। अब तक इस केस में 2 आरोपियों का एनकाउंटर हो चुका है। 4 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। एक आरोपी मिथुन फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अब विस्तार से पढ़िए… वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ाया विपिन जमानियां थाने के प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया, चौकी इंचार्ज देवरिया अजय कुमार अपनी टीम के साथ मदनपुरा में वाहन चेकिंग कर रहे थे। एक संदिग्ध युवक स्टेशन की ओर जा रहा था। पुलिस को शक हुआ। जब उसे रोका गया, तो वह भागने की कोशिश करने लगा। घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह लखनऊ के चिनहट स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के लॉकर तोड़ने और वहां से लाखों रुपए के कीमती सामान लूटने में शामिल था। इस लूटकांड में आरोपी ने अपने 6 साथियों के साथ मिलकर बैंक के 42 लॉकर काट डाले थे। पुलिस ने विपिन के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा लिखा है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। लखनऊ में रहता था विपिन मास्टरमाइंड विपिन वर्मा मूल रूप से सीतापुर के चुरुवा का रहने वाला है। लखनऊ के तकरोही में किराए का मकान लेकर रह रहा था। विपिन की उम्र 22 साल बताई जा रही है। वहीं, विपिन का दूसरा साथी मिथुन भी फरार है। मिथुन (28) बिहार के लखीसराय के जानकीडीह का रहने वाला है। सीसीटीवी फुटेज में लॉकर काटते दिखे थे बैंक में लॉकर काटने का सीसीटीवी मंगलवार को सामने आया था। बदमाश हुडी पहनकर अंदर घुसे। बार-बार सीसीटीवी की ओर देख रहे थे। फुटेज में तीन बदमाश बैंक के अंदर दिख रहे हैं। एक बदमाश के हाथ में बैग है, जबकि दूसरे के हाथ में रस्सी और मोबाइल दिख रहा है। तीसरा बदमाश लॉकर काटता दिख रहा है। फुटेज रविवार (22 दिसंबर) तड़के 4.36 बजे का है। दो बदमाशों का एनकाउंटर, चार गिरफ्तार, एक फरार पुलिस के अनुसार, लॉकर काटने वाले इस गैंग में कुल 7 आरोपी शामिल थे। दो बदमाशों का 4 घंटे के भीतर पुलिस ने एनकाउंटर किया। पहला एनकाउंटर लखनऊ में सोमवार रात साढ़े 12 बजे हुआ। दूसरा लखनऊ से 350 किमी दूर गाजीपुर के गहमर में मंगलवार तड़के साढ़े 4 बजे हुआ। जबकि कैलाश, अरविंद, बलराम, विपिन गिरफ्तार किए गए। बैंक लूट में फरार सोबिंद कुमार को लखनऊ में, जबकि सन्नी दयाल को गाजीपुर में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों को जब घेरा तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों को दो-दो गोली लगी। दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों बिहार के रहने वाले थे। दो शहरों में एनकाउंटर कैसे हुआ, पढ़िए… लखनऊ: बदमाश के पेट और पैर में गोली मारी
JCP लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने बताया- लखनऊ में सोमवार रात साढ़े 12 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिहार के असरगंज के रहने वाले ​​​​सोबिंद कुमार को लौलाई के जलसेतु पर घेर लिया। पुलिस को देखते ही सोबिंद ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने उसके पैर और पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही गिर गया। पुलिस उसे लोहिया अस्पताल ले आई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोबिंद के खिलाफ 6 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सोबिंद के पास से पिस्टल, कारतूस, कार, जेवर बरामद किए। हालांकि, कितना जेवर बरामद हुआ। पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। गाजीपुर: बदमाश के सीने और पैर में गोली मारी
गाजीपुर SP इरज राजा ने बताया- गहमर इलाके में पुलिस देर रात गश्त कर रही थी। बैंक लूट में फरार सनी दयाल अपने साथी के साथ बाइक से जा रहा था। पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों पर बाइक चढ़ाने की कोशिश करते हुए बिहार बॉर्डर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया। कुतुबपुर इलाके में मुठभेड़ हुई। इसमें सन्नी को गोली लग गई। उसे CHC भदौरा ले जाया गया। प्राइमरी इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सन्नी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने बताया कि सन्नी दयाल के पास से एक पिस्टल, छह खाली कारतूस, सोने के जेवर और 3.55 लाख रुपए बरामद हुए। सन्नी के घर पसरा मातम, पत्नी हुई बेहोश गाजीपुर में मारा गया सन्नी दयाल बिहार के मुंगेर का रहने वाला था। एनकाउंटर की जानकारी मिलते ही घर में मातम पसर गया। पत्नी किरण बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने बताया, सन्नी के पिता की 15 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। पांच भाई में दूसरे नंबर पर था। सन्नी की शादी 2013 में हुई थी। उसके दो बेटे हैं जो अभी छोटे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सन्नी एक महीने पहले ही घर से काम करने के लिए बाहर गया था। 4 घंटे तक बैंक में रहे थे बदमाश
बदमाश शनिवार रात चिनहट के इंडियन ओवरसीज बैंक की दीवार काटकर अंदर घुसे थे। 4 घंटे तक बैंक में रहे। करोड़ों की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की जांच के लिए 6 टीमों का गठन किया था। ……………………………. इस खबर को भी पढ़ें… बैंक लूट कर बिहार जाने का था प्लान: लखनऊ से 3 ग्रुपों में बंट कर भाग रहे थे, पहले एनकाउंटर के बाद दूसरा ग्रुप 500 मीटर दूर छिपा रहा लखनऊ के चिनहट में इंडियन ओवरसीज बैंक में 42 लॉकर काटकर चोरी मामले का पुलिस ने लगभग खुलासा कर दिया है। 7 आरोपियों में से 3 गिरफ्तार हैं। 2 को एनकाउंटर में ढेर किया जा चुका है, जबकि 2 बदमाश अभी फरार चल रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *