सरगुजा के मैनपाट क्षेत्र के ढोंढागांव में मैनी नदी में अचानक आई बाढ़ में मां-बेटी सहित चार लोग बह गए। हादसा गुुरुवार शाम 5.30 बजे उस वक्त हुआ जब ग्रामीण जंगल से मशरूम (पुटू) बीनकर नदी पार कर रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार, पुटू बिनने जाते समय नदी में पानी घुटनों तक था, लेकिन लौटते समय जलस्तर तेजी से बढ़ गया और कमर से ऊपर बहने लगा। तेज बहाव में फंसे चार लोग सोमारी (45), उसकी बेटी अंकिता (8), बिनावती (30) और आरयस (3) बह गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना दी और स्वयं भी खोजबीन में जुट गए। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कलेक्टर व पुलिस अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। एसडीआरएफ, सीतापुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम खोज अभियान चला रही है। शुक्रवार देर शाम तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला। लौटी मुस्कान… बाढ़ में फंसे चार लोगों को 18 घंटे बाद बाहर निकाला
जशपुरनगर | भारी बारिश के बीच गुरुवार दोपहर 1 बजे कुनकुरी के ढोढ़ीबहार में ईब नदी के टापू पर मछली पकड़ रहे तीन लोग बाढ़ में फंस गए थे। इधर, जशपुर के नजदीक डूमरटोली एनिकट के पुल पर एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित फंसा हुआ था। फंसे लोगों को बचाने के लिए पुलिस व नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची। एनिकट के पुल पर फंसे ट्रैक्टर चालक को 10 घंटे बाद गुरुवार रात 11 बजे सुरक्षित निकाला गया। बताया जाता है कि लावा नदी में बहाव थोड़ा कम हुआ तो ट्रैक्टर चालक ने पुलिस की तानी गई रस्सी को पकड़कर धीरे-धीरे ट्रैक्टर आगे बढ़ाया और सुरक्षित किनारे तक पहुंचा। इसी तरह ढोढ़ीडांड में नदी के बीच फंसे लोगों को नगर सेना की टीम ने करीब 18 घंटे बाद शुक्रवार सुबह 6 बजे बोट की मदद से बाहर निकाला।