जिले के प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा ने कहा है कि मिनी सचिवालय के लिए शीघ्र ही बजट लाया जाएगा। वे गुरुवार शाम सूचना केंद्र परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। राज्य सरकार का एक वर्ष पूरा हाेने पर लगी जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन के लिए पहुंचे गोदारा ने कहा कि जिला कलेक्टर ने इसके लिए दो प्रस्ताव भिजवाए हैं। इसमें एक प्रस्ताव पचास करोड़ और अन्य प्रस्ताव 207 करोड़ का है। हमारा प्रयास रहेगा कि बड़े प्रस्ताव के अनुसार ही राशि श्रीगंगानगर के लिए लेकर आएं। उन्होंने कहा मिनी सचिवालय जहां बनना है, उस स्थान का वे खुद जायजा लेंगे। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने सभी उचित मूल्य दुकानदारों के यहां पटि्टयां लगाई हैं। इनमें सक्षम लोगों से खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ छोड़ने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास चार पहिया वाहन है, जो लोग इनकम टैक्स रिटर्न भरते हैं और सरकारी व अर्द्ध सरकारी नौकरी में हैं वे 31 जनवरी तक खाद्य सुरक्षा योजना में से नाम हटवाएं। इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बड़े किसान भी खाद्य सुरक्षा योजना से नाम हटाएं। हमारा उद्देश्य किसी को सुविधा से वंचित करना नहीं है। हमारा उद्देश्य वंचित तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सक्षम लोग इस सूची से बाहर जाएंगे तब ही जरूरतमंद को इसका लाभ मिलेगा।


