20 मार्च 2025 को पत्नी की हुई थी हत्या भास्कर न्यूज| चाईबासा बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और झाझा के जदयू विधायक दामोदर रावत का 45 साल का भतीजा नवीन कुमार इन दिनों झारखंड में अपनी जान बचाते घूम रहा है। वह केंदु पत्ता व अन्य व्यवसाय से जुड़ा है। उसकी पत्नी सुमित्रा की हत्या जमुई के गिदोर में 20 मार्च 2025 को तब कर दी गई, जब वह धर्म यात्रा पर था। नवीन का कहना है कि बीते मार्च महीने में पत्नी की हत्या कर दी गई। अब उन्हें भी अपनी जान का डर सता रहा है। जिसके चलते अपने ही लोगों से भागते फिर रहे हैं। चाईबासा में हुई एक मुलाकात में उसने कहा कि उन्हें डर है कि उनकी हत्या कर दी जाएगी। इसीलिए उन्हें बिहार सरकार से सुरक्षा चाहिए और पत्नी की हत्या की जांच हो। पत्नी की हत्या उस वक्त हुई, जब घर में कोई नहीं था। नवीन का कहना है कि संपत्ति हड़पने के लिए उसकी भी हत्या की जा सकती है। उसने बताया कि राजनीतिक दबाव के कारण उनकी पत्नी की हत्या की जांच नहीं हो रही है। इस मामले में नवीन ने बताया कि घटना के वक्त वह दिल्ली में था। वैष्णो देवी की यात्रा से लौट रहा था। उनके नौकर ने उन्हें घटना की जानकारी फोन पर दी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें शक है कि प्रॉपर्टी की लालच में उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई और अब उन्हें भी जान का डर है। पत्नी की हत्या मामले की जांच सरकार नहीं कर रही है। इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज है।


