लुधियाना| पश्चिम विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव की वोटों की गिनती 23 जून को की जाएगी। गिनती के दिन शहर में ट्रैफिक और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से खास इंतजाम किए गए हैं। गिनती केंद्र के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 3 जगहों पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाई है। जिनमें पहली पार्किंग- आईटीआई, रानी झांसी रोड के अंदर, दूसरी पार्किंग- पब्लिक पार्किंग, एससीडी कॉलेज (गेट नंबर-5), तीसरी पार्किंग- डीसी ऑफिस मल्टीपरपज़ पार्किंग है। अपील की है कि लोग तय पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें ताकि किसी तरह की अव्यवस्था ना हो। लुधियाना|23 जून को सुबह 7 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन ने शनिवार को बताया कि 23 जून को होने वाले लुधियाना पश्चिम उपचुनाव की सुचारू और सुरक्षित मतगणना के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। बताया कि मतगणना और डाक मतपत्रों की गिनती सुबह 7 बजे चुनाव पर्यवेक्षकों, उम्मीदवारों और उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में शुरू होगी। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) मशीनों की सुरक्षा के लिए मतगणना केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती सहित कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। क्लोज-सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) निगरानी के जरिए निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाती है। डीईओ ने इस बात पर जोर दिया कि मतगणना केंद्रों में प्रवेश को सख्ती से विनियमित किया जाएगा, जिसमें केवल उम्मीदवारों, उनके प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और भारत के चुनाव आयोग द्वारा जारी वैध पहचान पत्र वाले अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।


