भास्कर न्यूज| लुधियाना भारत के औद्योगिक परिदृश्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से एमएसएमई संपर्क द्वारा आयोजित भारत मैन्युफैक्चरिंग एंड एक्सपोर्ट समिट 2025 का सफल आयोजन लुधियाना में हुआ। इस सम्मेलन ने लुधियाना की पहचान को औद्योगिक विकास के मजबूत स्तंभ के रूप में और पुख्ता किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा शामिल हुए। उनके साथ एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार की उप निदेशक इशिता थमन, सीए मोहित वासन, विनय के. मायर, और उद्योग विशेषज्ञ शुभम शर्मा जैसे प्रमुख वक्ता भी मौजूद रहे। समिट का मुख्य फोकस भारत के मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट सेक्टर, विशेषकर एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाना रहा। अपने संबोधन में वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए फास्ट-ट्रैक सिंगल विंडो सिस्टम और इन्वेस्ट पंजाब पोर्टल जैसी पहलों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर को नवाचार आधारित नीतियों और सरल संसाधनों की पहुंच से सशक्त बना रहे हैं और पंजाब औद्योगिक परिवर्तन में अग्रणी बनने को तैयार है। उनकी इस बात ने उद्यमियों में नई ऊर्जा का संचार किया। समिट में कुल 13 प्रभावशाली सत्र आयोजित हुए, जिनमें औद्योगिक नीति, नियामक अनुपालन, वित्तीय सशक्तिकरण, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, सस्टेनेबिलिटी, और वैश्विक व्यापार की तैयारी जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। इसमें सरकार, उद्योग जगत और स्टार्टअप्स के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही, जिससे यह समिट रणनीतिक विचारों और नीतिगत संवाद का एक सशक्त मंच बन गया।


