जगन्नाथपुर रथ मेला में 100 से 500 रुपए प्रति फीट होगा दुकानों का रेट, ठेले-खोमचे से लिए जाएंगे प्रतिदिन 100 रु.

धुर्वा में भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर में लगने वाले ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारी पूरी हो गई है। इस मेले में दस दिनों में 8 से 10 लाख श्रद्धालु झारखंड व आसपास के राज्यों से आते हैं। 42 एकड़ क्षेत्र में लगने वाले इस मेले का कॉन्ट्रैक्ट भी 51.51 लाख रुपए में दे दिया गया है। ठेकेदार राजेश चंद्रा ने बताया कि मेले में दुकानों का किराया सामान्य रहेगा। यह 100 रुपए से लेकर 500 रुपए प्रति फीट तक होगा। रेट मेले में जगह के अनुसार लगेगा। मेला के केंद्र में लगने वाले झूले से कुछ ज्यादा पैसा लिया जाएगा। वहीं, ठेले-खोमचे वाले से 100 रुपए प्रति दिन लिया जाएगा। ठेकेदार ने बताया कि इस बार झारखंड की लोकल दुकानों को किराए में रियायत दी जाएगी। ताकि वे अपने उत्पादों का बेहतर प्रदर्शन कर सकें। पर्यावरण के अनुकूल सामग्री का उपयोग मेले में करने का निर्देश दिया गया है। प्लास्टिक का उपयोग वर्जित रहेगा। शनिवार को सिटी एसपी और ट्रैफिक एसपी ने हटिया डीएसपी, धुर्वा थाना और जगन्नाथपुर थाना के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। ठेकेदार को फायर एंड सेफ्टी नियमों का पालन करने का आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। साथ ही कहा कि रथ पथ से हटाकर दुकानें लगाएं। प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने बताया कि रविवार की सुबह 10 बजे उपायुक्त मेला परिसर का निरीक्षण करेंगे। समिति को यह निर्देश दिया गया है कि है कि सुरक्षा मानक सर्टिफिकेट सभी झूले वाले का अपने पास रखना है। इस बार जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति की तरफ से 25 महिला स्वच्छता कर्मी को रखा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *