योगमय जालंधर…:50 से अधिक जगहों पर कार्यक्रम प्रशिक्षकों ने बताए ध्यान, आसन लगाने के सही तरीके

भास्कर न्यूज | जालंधर शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरा शहर योग की सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। शहरभर के स्कूल परिसरों, पार्कों, प्रतिष्ठित संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों में आमजन से लेकर विद्यार्थियों, अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर अद्भुत एकजुटता और स्वास्थ्य के प्रति समर्पण का प्रदर्शन किया। इल सुबह की शीतल हवा में सैकड़ों लोगों ने इस प्राचीन भारतीय विज्ञान की शक्ति का अनुभव किया। जालंधर सिटी में श्रीदेवी तालाब मंदिर स्थित श्रीराम हॉल के अलावा मॉडल हाउस, कंपनी बाग, आदर्श नगर पार्क, गोपाल नगर, जालंधर कैंट स्थित जवाहर पार्क, अंबिका कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी, मकसूदां, चरणजीतपुरा, संतोखपुरा, बस्ती गुजां समेत 50 से अधिक स्थानों पर हर्षोल्लास के साथ योग मनाया गया। इस व्यापक आयोजन के केंद्र में रहे अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने न केवल विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान लगाने के सही तरीके सिखाए, बल्कि योग के गहरे महत्त्व पर भी प्रकाश डाला। प्रशिक्षकों ने बताया कि योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के समग्र समन्वय का मार्ग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि योगासनों का नियमित अभ्यास शरीर में न केवल लचीलापन और सहनशक्ति बढ़ाता है, बल्कि तनाव और चिंता को दूर कर मानसिक शांति, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करता है। आज के तनावपूर्ण जीवन में योग एक सशक्त उपकरण के रूप में जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *