भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा जिले में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग प्रदर्शन किया गया। मुख्य कार्यक्रम मां दंतेश्वरी के प्रांगण मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित किया गया। यहां मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित स्थानीय विधायक चैतराम अटामी के साथ हजारों योग साधकों ने योगाभ्यास किया। यहां जब एक हजार लोगों ने ऊं के उद्घोष के साथ योग किया तो नजारा देखने लायक था। योग के आसान संक्रियाओं को करने के साथ ही लोगों ने योग के महत्व भी जाना। इस दौरान योग गुरु लोगों को योग के साथ ही यौगिक साधनाओं के महत्व के बारे में बता रहे थे। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। कलेक्टर दुदावत ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का संतुलन भी एक स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। आज की तेज रफ्तार और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग ही एक ऐसा माध्यम है, जो शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में बांधता है।


