लुधियाना| पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक माता रानी चौक स्थित मुख्य दफ्तर में हुई। इसमें स्टेट जनरल सेक्रेटरी और केंद्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य सुनील मेहरा और जनरल सेक्रेटरी आयुष अग्रवाल ने भाग लिया। इस बैठक में व्यापारी नेताओं ने पत्रकारों से बात करते हुए जीएसटी कौंसिल के सामने रखे गए कपड़ों पर जीएसटी दर बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध किया। व्यापारी नेताओं ने बताया कि ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स ने जीएसटी कौंसिल के समक्ष एक लक्जरी सुझाव रखा है, जिसमें कपड़ों पर जीएसटी दर बढ़ाने की बात की गई है। वर्तमान में 1 हजार तक के कपड़े पर 5% और 1000 से ऊपर के कपड़े पर 12% जीएसटी लगता है। नई रिपोर्ट के मुताबिक, 1500 तक के कपड़े पर 5% जीएसटी, 1500 से 10 हजार तक के कपड़े पर 18% जीएसटी और 10 हजार से अधिक कीमत वाले कपड़ों पर 28% जीएसटी लगाने का प्रस्ताव है। व्यापारी नेताओं ने इसे गैरवाजिब बताते हुए कहा कपड़े एक आवश्यकता वस्तु हैं, न कि लक्जरी, और ऐसे में उन पर 28% जीएसटी लगाने का कोई औचित्य नहीं है।


