पीएमश्री हरिहर स्कूल में बच्चों ने किया योगाभ्यास

भास्कर न्यूज | नवापारा विश्व योग दिवस पर पीएमश्री हरिहर उत्कृष्ट विद्यालय गोबरा नवापारा में योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण योगमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के विशेष आमंत्रित अतिथि सुनील नागवानी, अमित मखीजा और दिलीप रेलवानी शामिल हुए। योग सत्र का संचालन विद्यालय के योग प्रशिक्षक देवांगन के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की संस्था प्रमुख व प्राचार्य फाखरा खानम दानी के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों व अतिथियों को योग के लाभों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। यह हमें एक स्वस्थ, संयमित और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाएं। इसके बाद योगाभ्यास की शुरुआत हल्के शारीरिक व्यायाम से हुई। विद्यार्थियों को ताड़ासन, त्रिकोणासन, वृक्षासन, भुजंगासन, प्राणायाम आदि योग मुद्राओं का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने पूर्ण उत्साह और मनोयोग से योग सत्र में भाग लिया। इसके बाद सभी ने 15 मिनट का ध्यान किया। ध्यान सत्र के उपरांत सुनील नागवानी ने छात्रों को संबोधित करते हुए ध्यान और योग के वैज्ञानिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, नियमित योग और ध्यान से मानसिक स्थिरता, आत्मविश्वास तथा एकाग्रता में अत्यधिक सुधार होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *