भास्कर न्यूज|लुधियाना प्रशासन द्वारा भगवान वाल्मीकि जी का मंदिर तोड़े जाने के विरोध में सभी धर्मों के लोगों ने स्थानीय जालंधर बाईपास पर विधायक मदन लाल बग्गा का पुतला फूंका कर और विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मौजूद सभी लोगों ने विधायक बग्गा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर जानकारी देते हुए एडवोकेट राहुल पुहाल ने आरोप लगाते हुए कहा की हाल ही में प्रशासन ने विधायक मदन लाल बग्गा के कहने पर पिछले 35 वर्षों से स्थापित भगवान वाल्मीकि जी के मंदिर को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर में भगवान वाल्मीकि भगवान शिव और मां शेरावाली की मूर्तियां भी थीं, जिन्हें प्रशासन ने रातों-रात गायब कर दिया है, जिससे सभी धर्म प्रेमियों के मन को बहुत ठेस पहुंची है। उन्होंने विधायक बग्गा पर आरोप लगते हुए कहा कि इस जमीन को हड़पने के लिए विधायक बग्गा ने ऐसा कदम उठाया है, जिसका हम पुरजोर विरोध करते हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि वे लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले ऐसे विधायक को तुरंत निलंबित करें और उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने जल्द से जल्द यहां भगवान वाल्मिकी का मंदिर स्थापित नहीं किया तो जल्द ही उनकी ओर से बड़ा संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर संजय दिशावर, संजीव बेगरा, पवनदीप, विकास तलवार, धर्मेंद्र घावरी, दीवाना दिशावर, मुकेश डुमरा, अतुल आदि मौजूद रहे।


