भास्कर न्यूज | बंडामुंडा दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में रेलवे इंस्टीट्यूट की प्रबंधन समिति के चुनाव की घोषणा हो गई है। चुनाव 5 जुलाई को होंगे। उसी दिन मतगणना और परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। लंबे समय से प्रशासनिक कारणों और न्यायिक प्रक्रिया के चलते यह चुनाव टलते आ रहे थे। अब वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी की अधिसूचना के बाद विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चुनाव बंडामुंडा, आदित्यपुर, टाटानगर, राउरकेला, डोंगवापोशी और सिनी रेलवे इंस्टीट्यूट में होंगे। संबंधित उपाध्यक्षों को समयबद्ध तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पहले प्रबंधन समिति की शक्तियां निलंबित थीं। संस्था के दैनिक कार्यों का जिम्मा नामित उपाध्यक्षों को सौंपा गया था। चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र भरने, नाम वापसी और मतदान की सभी तिथियां तय कर दी गई हैं। डीआरएम चक्रधरपुर ने छह अधिकारियों को निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया है। डीपीओ एएन मिश्रा को आदित्यपुर, एपीओ संखाई हेम्ब्रम को डोंगवापोशी, एपीओ मो इब्रार को राउरकेला, एपीओ वी हरनाथ को बंडामुंडा, सीनियर डीपीओ ऋषभ सिन्हा को टाटानगर और एपीओ रवि किरण को सिनी का निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। नवनिर्वाचित समिति को परिणाम घोषित होने के 15 दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करना होगा।


