स्थानीय पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (पिम्स) के सामने स्थित छोटी बारादरी फेज-2 में सुबह करीब 10:30 बजे प्रबल सरिया के 42 साल के मैनेजर हरप्रीत सिंह को गोली मार दी गई। गोली हरप्रीत की बाईं जांघ को चीरकर दाईं टांग की पिन्नी में लगी। उसपर यह गोली आईएएस बबीता कलेर के गनमैन सुखकर्ण सिंह ने चलाई थी। आरोप है कि डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले प्रबल सरिया के मालिक सुलक्खण सिंह का उक्त कॉलोनी में प्लॉट नंबर-3 है। वहां पर शनिवार को मिट्टी डाली जा रही थी, लेकिन ऐसा करने से कोठी नंबर 4 में रहने वाले आप नेता स्टीफन कलेर ने रोका था। इस दौरान तैश में आए बबीता कलेर के गनमैन ने गोली चला दी। मैनेजर ने आरोप लगाया कि उसे गोली आईएएस अफसर बबीता कलेर और उनके पति स्टीफन कलेर के कहने पर मारी गई है। सुलक्खण सिंह अपने मैनेजर के हक में खड़े रहे और देर रात कलेर दंपती को मामले में नामजद कर दिया गया। उनकी गिरफ्तारी जांच के बाद ही तय होगी। थाना-7 में बीएनएस की धारा 115 (2) मारपीट, 109 (इरादा-ए-कत्ल), 61 (2) साजिश और असलहा एक्ट की धारा 27 के तहत केस दर्ज किया गया है। गनमैन को गिरफ्तार कर उसका सर्विस पिस्टल जब्त कर लिया गया है। गनमैन को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आप नेता स्टीफन कलेर ने कहा कि कुछ सामान डंप करने लगे थे। इसलिए उन्हें रोका। मैंने कहा कि अगर आप निर्माण करना चाहते हैं तो एक बार मालिक आकर मिले। हमें भी पता चले कि मालिक है या नहीं। बस इतनी बात थी। मैंने कहा कि ट्रॉली बाहर निकाल लो। इसके बाद मैं नहाने चला गया। इसके बाद मुझे बताया गया कि हमला किया गया है। उन्होंने कहा कि गनमैन का कहना है कि उसने सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई है। अब तो हमें भी डर लगने लगा है और हमें और सुरक्षा की जरूरत है।


