भुसूर जंगल : हरियाली के बीच पानी के किनारे लें पिकनिक का आनंद

रांची से लगभग 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है भुसूर जंगल। जो भुसूर गांव के आगे से शुरू होता है। भुसूर जंगल हरे-भरे पेड़ों से घिरा हुआ है। इसके बीच से होकर पक्की सड़क गुजरती है, जो गेतलसूद डैम तक ले जाती है। इस रास्ते के दोनों तरफ सखुआ के बड़े-बड़े पेड़ हैं। इन पेड़ों के बीच से जब सूरज की रोशनी जमीन पर पड़ती है, वह खासा आकर्षित करती है। जंगल के खत्म होते ही एक ओर मिलता है गेतलसूद डैम का किनारा। इस किनारे से पूरे गेतलसूद डैम का नजारा दिखता है। डैम पर कुछ टापूनुमा जगह भी दिखाई देती है, जो हरे-भरे पेड़ों से घिरी है। इन पेड़ों की परछाई पानी पर अलग नजारा दिखाती है। इस किनारे पर पर्यटक अपने परिवार व दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आ रहे हैं। रोज सैकड़ों लोगों की भीड़ लग रही है। यहां सुरक्षा व्यवस्था कम… इसलिए शाम होने से पहले लौट आएं स्थानीय लोगों के अनुसार, घना जंगल होने के कारण शाम ढलने से पहले लोगों को लौट जाना चाहिए। कई बार यहां छेड़खानी व छिनतई की सूचना मिलती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन के लोग हमेशा नहीं रहते हैं। हालांकि अनगड़ा थाना की ओर से समय-समय पर पेट्रोलिंग की जाती है। इसके अलावा डैम में नहाने से बचना चाहिए। क्योंकि किनारे पर ही गहराई बहुत अधिक है। यहां क्या-क्या कर सकते हैं… बोटिंग-फिशिंग का मजा ले सकते हैं जंगल और पानी के बीच खाली जगह पर हरियाली में बैठकर पिकनिक मना सकते हैं। गेतलसूद डैम में बोटिंग कर सकते हैं। इसमें स्टीमर से लेकर लकड़ी के बोट मिल जाएंगे। प्रति व्यक्ति 50 से 150 रुपए तक शुल्क लिया जाता है। खाना के लिए जंगल के पास दो ढाबा हैं। वहीं, डैम पार करने पर भी खाने के लिए होटल मिल जाएंगे। फिशिंग का भी मजा ले सकते हैं। गेतलसूद डैम के किनारे फैले हरे-भरे पेड़ों का जंगल।कैसे जाएं… रांची से लगभग 35 किलोमीटर की दूरी पर भुसूर जंगल है। रांची से ओरमांझी ब्लॉक चौक तक आएं, वहां से सिकिदरी रोड में लगभग 10 किलोमीटर तक आगे बढ़ने पर मिलेगा भुसूर गांव। मुख्य रोड से दाहिने तरफ कुछ दूर बढ़ते ही शुरू हो जाता है भुसूर जंगल। यहां से लगभग 7 किलोमीटर पर गेतलसूद डैम है। जंगल के बीच से डैम तक जाने का आनंद ही कुछ अलग है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *