गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के थानसिंगडीह पंचायत में एक मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। चरकी गांव निवासी 58 वर्षीय त्रिभुवन राय का शव उनके घर के पास संदिग्ध स्थिति में मिला। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही थानसिंगडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार और लोकाय नयनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानसिंगडीह ओपी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। मृतक के बेटे मंटू राय के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार पास की नहर में नहाने गया था। उन्होंने बताया कि उनके पिता का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।


