अनुशासन व नैतिकता के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें : राज्यपाल

भास्कर न्यूज | महुआडांड़ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को नेतरहाट प्रवास के दौरान क्षेत्र की शैक्षणिक, स्वास्थ्य और कृषि उपलब्धियों का जायजा लिया। उन्होंने नेतरहाट आवासीय विद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नाशपाती बागान का भ्रमण कर वहां की गतिविधियों और सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया। राज्यपाल ने अपने दौरे की शुरुआत नेतरहाट आवासीय विद्यालय से की। जो अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता और अनुशासित वातावरण के लिए विख्यात है। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्थित भगवान बिरसा मुंडा के मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होने पुस्तकालय, विज्ञान और कंप्यूटर प्रयोगशालाओं, कक्षा-कक्षों और अन्य शैक्षणिक विभागों का निरीक्षण किया। प्राचार्य संतोष कुमार ने उन्हें विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं, शैक्षणिक उपलब्धियों, नवाचारों और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल ने विद्यालय के प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त परिसर, सुदृढ़ शैक्षणिक ढांचे और अनुशासित माहौल की प्रशंसा की। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से भी संवाद किया और उन्हें मेहनत, अनुशासन और नैतिकता के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद, राज्यपाल ने नेतरहाट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की आपूर्ति, चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपलब्धता, साथ ही स्थानीय निवासियों को प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। राज्यपाल ने नेतरहाट के लगभग 100 एकड़ में फैले प्रसिद्ध नाशपाती बागान का भी भ्रमण किया। उन्हें बताया गया कि इस बागान में नख किस्म के नाशपाती उगाए जाते हैं, जो अपने अनूठे स्वाद और उच्च गुणवत्ता के लिए देशभर में लोकप्रिय हैं। बागान की देखरेख करने वाले अधिकारियों ने राज्यपाल को नाशपाती की खेती, उत्पादन और विपणन की प्रक्रिया से अवगत कराया। राज्यपाल ने इस बागान को क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि और कृषि नवाचार का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया। मौके पर मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, वन संरक्षक, जिला परिषद अध्यक्ष, एसडीओ बिपिन कुमार दुबे, बीडीओ संतोष कुमार बैठा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। नाशपाती बागान का किया भ्रमण

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *