बालोद| केन्या के नैरोबी शहर में 29 जून तक पहली जूनियर रॉलबॉल विश्वकप होगा। इसमें दुनियाभर के सभी महाद्वीपों की टीमें भाग लेंगी। भारत से लड़के और लड़कियों की टीमें भी हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता के मुकाबले का आंखों देखा हाल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित किया जाएगा। भारत की ओर से कमेंट्री के लिए बालोद के रहने वाले छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कमेंटेटर जसवंत क्लॉडियस को आमंत्रित किया गया है। क्लॉडियस इससे पहले पुणे में 2023 में हुए रॉलबॉल विश्वकप, 2024 में हुए एशियाई रॉलबॉल विश्वकप और गोवा में 2023 में हुए राष्ट्रीय खेलों में शामिल रॉलबॉल मुकाबलों की भी कमेंट्री कर चुके हैं। पिछले 32 वर्षों में वे 6 अंतरराष्ट्रीय खेलों की लाइव कमेंट्री कर चुके हैं। इनमें टेनिस, तीरंदाजी, थ्रोबॉल, रग्बी 07 और कबड्डी शामिल हैं। वे 9 अन्य खेलों की राष्ट्रीय स्पर्धाओं की टेलीविजन पर कमेंट्री भी कर चुके हैं।


