भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से 8 किमी दूर ग्राम पाकुरभाट चुरगिया पैलेस मैदान के पास पानी में सालुशन घोलकर कक्षा 7वीं के छात्र को जबरदस्ती पिलाने का मामला सामने आया है। इस मामले में छात्र की रिपोर्ट पर बालोद थाने में 5 लोगों के खिलाफ धारा 123, 191(2), 296 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झलमला में अध्ययनरत कक्षा 7वीं के छात्र ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को शाम 4 बजे दोस्त के साथ आरटीओ कार्यालय पाकुरभाट मैदान तरफ क्रिकेट खेलने गए थे। मैदान में कई गाड़ियां खड़ी थीं। इस वजह से क्रिकेट खेल नहीं पाए। जिसके बाद दोस्त अपने घर चला गया। वहां से मैं चुरगिया पैलेस के पास मैदान में क्रिकेट खेलने गया। वहां 5 लोग पहले से मौजूद थे। मैदान में आते देखकर एक ने रंजिश को लेकर अपने चार दोस्तों को बुलाया। वहां से खेत में ले गए। जहां सभी ने गाली गलौज की। जिसके बाद गाड़ियों के टायर पंचर बनाने वाले सालुशन को निकालकर अपने पास रखे एक डिस्पोजल गिलास के पानी में घोलकर जबरदस्ती पिलाया। सालुशन मिले पानी को पीने के बाद चक्कर आने लगा। घर में पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस दौरान उल्टी होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डिस्चार्ज होने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने रविवार को थाने पहुंचा।


