छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर मचे उहापोह के बीच प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पीसीसी चीफ दीपक बैज की जमकर तारीफ की है। पायलट की मौजूदगी में हुई बैठक के दौरान बैज ने पिछले डेढ़ साल में भाजपा सरकार के खिलाफ चलाए गए अभियान, आंदोलन और पदयात्रा की 40 स्लाइड में पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन दिया। इस दौरान तय किया गया कि कानून व्यवस्था, अवैध शराब की बिक्री, खाद-बीज संकट समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। पीसीसी चीफ ने बताया कि राज्य सरकार को कानून व्यवस्था, खाद-बीज की कमी, शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण जैसे कई मुद्दों पर लगातार हमला बोला है। इस दौरान न सिर्फ राजधानी रायपुर बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा सरकार के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया गया। इसमें पार्टी के सभी नेताओं की सहभागिता रही। उन्होंने बताया कि कई मुद्दों पर सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा। बैज ने कहा कि सभी बड़े नेताओं के बेहतर सामंजस्य के कारण यह सब संभव हो पाया है। बैज का प्रजेंटेशन देखने के बाद पायलट ने कहा कि शुरुआती डेढ़ साल में किसी भी सरकार के खिलाफ इतना प्रदर्शन, इतनी आक्रामता पार्टी को मजूबत बनाती है। सामान्यत: ऐसे आंदोलन और आक्रामकता चुनावी साल में होते हैं, लेकिन अभी से सरकार के खिलाफ माहौल बनाना कांग्रेस नेताओं में जोश भरने के लिए काफी है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि पीसीसी से उन्हें कोई तकलीफ नहीं है। उनके खिलाफ बयानबाजी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। डेढ़ साल में सरकार के खिलाफ इतनी आक्रामकता पार्टी के लिए बेहतर जल्द बदले जाएंगे जिलाध्यक्ष पायलट ने कहा कि पार्टी संगठन का विस्तार अतिशीघ्र कर लिया जाए। जिन जिलों के अध्यक्ष पद के लिए पेंच फंसा हुआ है वहां पर जल्द ही रायशुमारी कर अध्यक्षों की नियुक्ति की जाए, क्योंकि पार्टी संगठन की गतिविधियों को यही नेता निचले स्तर तक लेकर जाएंगे। पहली बैठक पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की हुई। इसके बाद दूसरी, तीसरी और चौथी बैठक प्रदेश कार्यकारिणी, जिला कांग्रेस अध्यक्षों और मोर्चा प्रकोष्ठ अध्यक्षों की हुई। विधानसभा में सरकार को घेरने की तैयारी देर रात पायलट ने विधायकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा के भीतर राज्य सरकार को घेरने के टिप्स दिए। सभी से कहा गया है कि वे पूरी तैयारी के साथ सदन में जाएं। सत्र भले ही छोटा है लेकिन पूरी मुखरता और प्रामाणिकता के साथ अपनी बात रखें। ऐसा कोई भी अवसर न छोड़ें, जिसमें सरकार को घेरा जा सके। इन मुद्दों पर लगातार चलते रहेगा आंदोलन बैठक में खाद, बीज की कमी, अवैध शराब बिक्री, युक्तियुक्तकरण से बंद स्कूल, बिगड़ती कानून व्यवस्था, धान की खराबी जैसे मुद्दों पर आने वाले समय में सरकार के खिलाफ और प्रभावी आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। समन्वय बनाकर काम कर रहीं दोनों सरकारें: किरण सचिन पायलट के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार है और दोनों ही सरकार समन्वय बनाकर जनहित के कार्य पूर्ण कर रही है। इसीलिए मोदी की गारंटी में किए गए वादे के अनुसार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिल रहे हैं। इसे पूर्व की भूपेश सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना में सिर्फ प्रधानमंत्री शब्द होने के कारण गरीबों तक नहीं पहुंचने दिया था।


