कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र के शालीमार मार्केट के दुकान के संचालकों और कर्मचारियों से मारपीट के मामले में व्यापारियों में आक्रोश है। गुरुवार को शालीमार मार्केट के सभी व्यापारियों ने विरोध जताया और कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। व्यापारियों ने बताया कि गुरुवार को शालीमार मार्केट में कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे। इस बीच गीता पायल दुकान के संचालक कमल पोपटानी ने युवकों को दुकान के बाहर से किनारे हटने को कहा। इसी दौरान युवकों ने दुकान के कर्मचारी गोलू पटेल से मारपीट कर दी। बीच बचाव करने पर दुकान संचालक को भी पीटा। युवकों ने आसपास के अन्य दुकान संचालकों से भी मारपीट की, जिसके कारण सभी दुकान संचालक आक्रोशित हो गए और शालीमार मार्केट बंद कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सभी व्यापारियों ने कोतवाली थाने पहुंचकर मारपीट करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। गुंडागर्दी नहीं चलेगी के नारे भी लगाए। व्यापारियों ने बताया कि मारपीट करने वाले बदमाशों ने दुकान में बम फेंकने की धमकी दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की तलाश कि जा रही है।


