भास्कर न्यूज | राजनांदगांव परीक्षा से वंचित विद्यार्थियों को वायवा और प्रोजेक्ट सबमिट करने पर इंटरनल नंबर मिलेंगे। शासकीय दिग्विजय ऑटोनॉमस कॉलेज में सोमवार को सुबह 7 बजे वाट्सएप पर सूचना और उसी दिन 8 बजे परीक्षा लेने से बीकॉम चतुर्थ सेमेस्टर के बड़ी संख्या में बच्चे परीक्षा से वंचित हो गए थे। इस मामले को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। दूसरे दिन कॉलेज प्रबंधन ने इस परीक्षा से वंचित बच्चों की मांग पर छात्र हित को ध्यान में रख यह निर्णय लिया एवं उन्हें राहत दी है। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही करने का आरोप लगाया था और दोबारा यह परीक्षा आयोजित करने की मांग की थी। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस मांग को लेकर प्रबंधन के अफसरों से मिलने पहुंचे। छात्र युवा मंच ने दोबारा परीक्षा लेने की मांग की थी। दिग्विजय कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने कहा था कि प्रोजेक्ट, प्रायोगिक परीक्षा, वाइवा की जानकारी देने वाट्सएप में डाली गई सूचना से विद्यार्थियों में भ्रम और गलत फहमी हुई थी। उन्होंने छात्र हित में समाधान का आश्वासन दिया था। इस मामले में पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री भी मंगलवार को दिग्विजय कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने बताया कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों से अब प्रोजेक्ट जमा करने और वायवा देने कहा है। वायवा और प्रोजेक्ट के जरिए उन्हें इंटरनल नंबर दिए जाएंगे।


