10 माह के भीतर पूरी तरह आकार देना है स्काई वाक को, एक माह गुजरने के बाद भी कागजों में ही चल रहा काम, 6 साल से खड़ा है अधूरा स्ट्रक्चर शास्त्रीचौक पर अधूरे स्काई वाक का काम चालू करने की डेड लाइन 21 जून को गुजर गई लेकिन एक इंच काम शुरू नहीं हुआ है। 21 मई को इसका टेंडर तय करने के साथ ही ये शर्त रखी गई थी कि एक माह के भीतर काम चालू करना है। 10 माह में तो पूरा स्काई वाक बनाकर तैयार करना है। टेंडर तय होने के एक माह बाद ठेका एजेंसी ने शास्त्री चौक पर अपना अस्थायी ऑफिस का ढाचा खड़ा किया है। ये ढाचा भी एक माह की मियाद पूरी होने के बाद खड़ा किया गया है। काम चालू होने में ही इतनी देरी क्यों?, इस सवाल पर अफसरों का कहना है कि अभी तो प्लानिंग ही चल रही है। ठेका एजेंसी और मॉनीटरिंग करने वाले अफसरों के रवैये से स्काई वाक 10 माह के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा, इसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। काम पूरा कैसे और किस तरह से करना है, इसकी प्लानिंग के बाद ही टेंडर जारी किया गया था। ठेका एजेंसी ने भी ठेके की शर्तें देखकर ही टेंडर लिया है। इसके बावजूद अफसर कह रहे हैं बड़ा काम है। चालू करने के पहले जरूरी प्लानिंग की जा रही है। यहां लगेंगे 12 एस्केलेटर
{ कलेक्टोरेट टाउन हॉल वाले हिस्से में { नगर घड़ी चौक के पास { रेरा ऑफिस के पास { डीकेएस अस्पताल परिसर { तहसील ऑफिस के सामने { शहीद स्मारक के पास { मल्टीलेवल पार्किंग { जिला न्यायालय परिसर { पुराने जेल मुख्यालय के पास { डेंटल कॉलेज की ओर { अंबेडकर अस्पताल के पास { सेंट्रल जेल के सामने
(नोट- इन स्थानों पर एस्केलेटर के साथ सीढ़ी भी रहेगी) सीधी बात – एसके कोरी, चीफ इंजीनियर ब्रिज अभी प्लानिंग कर रहे हैं काम अभी तक शुरू क्यों नहीं हुआ ?
-एजेंसी जल्द काम शुरू करेगी।
एजेंसी को 1 माह में काम शुरू करना था?
-काम बड़ा है, अभी प्लानिंग कर रहे हैं
टेंडर के पहले प्लानिंग नहीं हुई थी क्या?
-हुई थी लेकिन बहुत सारी चीजें रहती हैं।
अब ठेका एजेंसी 9 महीने में काम पूरा कर लेगी क्या?
-9 महीने के भीतर काम पूरा होगा।
लोहे का काम चल रहा है
स्काई वाक का काम बड़ा है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्लानिंग चल रही है कि काम किस तरह से करना है। हालांकि ठेका एजेंसी द्वारा लोहे का काम कर रही है।
एसके कोरी, चीफ इंजीनियर ब्रिज


