फाजिल्का में अबोहर के लाईनपार क्षेत्र में एक युवक नशे की ओवरडोज के कारण गंभीर स्थिति में मिला। 22 वर्षीय अर्श को उसके दोस्त रात में अपने साथ ले गए थे। सुबह उसे एक गांव की झाड़ियों में बेसुध अवस्था में पाया गया। युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिटी टू पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित अर्श की मां ने बताया कि उनका बेटा मेहनत-मजदूरी का काम करता है। पिछले तीन साल से वह नशे का आदी हो गया था। पहले वह नशे के इंजेक्शन लेता था। परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी। कुछ समय से वह प्रेगा कैप्सूल का सेवन कर रहा था। दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे युवक की मां ने बताया कि मंगलवार रात को करीब 9 बजे उसके दोस्त उसे घर से बुलाने आए और अपने साथ ले गए। बुधवार सुबह गांव काला टिब्बा से उनके रिश्तेदारों ने फोन करके उन्हें बताया कि अर्श बेसुध हालत में गांव के निकट झाड़ियों में पड़ा है जिस पर उन्होंंने उसे तुरंत अस्पताल में दाखिल करवाया। डॉक्टरों ने ओवरडोज लेने के कारण उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे एंटी डोज दिए। जहां उसकी हालत अब स्थिर बनी हुई है। मां ने पुलिस प्रशासन से मांगी मदद
सिटी टू की प्रभारी प्रोमिला सिद्धू से बात करने पर उन्होंनें बताया कि इस मामले की जांच के लिए आई ओ विनोद कुमार की डियूटी लगा दी गई है। वे युवक के बयान लेने के लिए गए हुए हैं। वहीं अर्श की मां ने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि वह अपने बेटे का नशा छुड़वाना चाहती है और पुलिस प्रशासन उसके बेटे को नशे की गर्त से निकालने के लिए उसे सहयोग करे।


