भास्कर न्यूज | लोहरदगा भाजपा जिला अध्यक्ष मनीर उरांव की अध्यक्षता में बुधवार को शहरी क्षेत्र स्थित खेमराज स्मृति भवन में सेमिनार व हनुमान मंदिर के समीप आपातकाल के दृश्य को उस वक्त के अखबार में छपी कृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान आपातकाल के दौरान तेरह माह विभिन्न जेलों में रहे उमेश कांस्यकार को मुख्य अतिथि विधायक विरंची नारायण ने अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही शांति आश्रम में वृक्षारोपण किया गया। वहीं सेमिनार का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा महापुरुषों के चित्र पर दीप प्रज्वलन, पुष्प अर्पण व प्रदर्शनी का उद्घाटन फीता काटकर किया गया। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंट दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारी व्यवस्था का दोहन किस प्रकार से सत्ता के दौरान करती है इसका जीता जागता उदाहरण इंदिरा गांधी की सदस्यता रद्द होना है। सच्चाई तो यह है कि भारत के संविधान को कांग्रेस अपने पॉकेट का समझ ली है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस संविधान संविधान की माला तो जपती है लेकिन सबसे ज्यादा संविधान के साथ खिलवाड़ की है। उमेश कांस्यकार ने कहा कि कांग्रेस के द्वारा लगाए गए आपातकाल में आमजन व साधारण जीवन जीने वाले लोगों को बेवजह परेशान कर जेल में डाल दिया जाता था। मेरे कई ऐसे साथी जिसे आपातकाल के दौरान बेवजह पकड़कर रात भर पिटाई की गई। जिसका असर यह रहा कि जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों के बाद उनका स्वर्गवास हो गया। वहीं दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। मौके पर जिला महामंत्री पशुपतिनाथ पारस, सहसंयोजक अनिल उरांव, ब्रजबिहारी प्रसाद, मनोज्ञा पांडेय, त्रिवेणी दास, मिथुन तमेड़ा, मीणा बाखला, जगनंदन पौराणिक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


