रांची | झारखंड हाईकोर्ट ने इंस्पेक्टर से डीएसपी पद पर प्रोन्नति की प्रक्रिया में तैयार की गई वरीयता सूची को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई की। बुधवार को सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया। अदालत ने कहा कि इस याचिका पर अंतिम निर्णय का असर प्रमोशन प्रक्रिया पर पड़ेगा, इसलिए सभी पक्षों को अपना जवाब दाखिल करना होगा। यह याचिका पंकज भूषण एवं अन्य की ओर से दाखिल की गई है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि झारखंड लोक सेवा आयोग को भेजी गई वरीयता सूची में गंभीर अनियमितताएं हैं। तय मापदंडों का पालन नहीं किया गया। गौरतलब है कि झारखंड पुलिस में इंस्पेक्टर रैंक के 64 अधिकारियों को डीएसपी के पद पर प्रोन्नति दी जानी है। इसके लिए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित फाइल जेपीएससी को भेज दी है।


