बैकुंठपुर| जिला कोरिया और मनेंद्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इसके तहत 46 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को अगले तीन माह के लिए निलंबित कर दिया है। जिला के विभिन्न थानों द्वारा मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत नियम उल्लंघन के मामलों में चालानी कार्रवाई भी की थी। इन मामलों में संबंधित चालकों के खिलाफ आवश्यक दस्तावेज तैयार कर जिला परिवहन अधिकारी को प्रस्तुत किए गए। सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला परिवहन अधिकारी व अनुज्ञप्ति प्राधिकारी ने निर्णय लेते हुए 46 चालकों के लाइसेंस को तीन माह की अवधि के लिए निलंबित कर दिया।


